Friday, July 23, 2010

एक खूबसूरत तस्वीर


बस देखते रहें।
नंदिता रमण की वेबसाइट पर मिली।

Wednesday, July 7, 2010

इंतजार वाली फिल्म


ज़ैग़म इमाम के पहले उपन्यास दोजख का विमोचन हो रहा था। इक संपादक लंबी छोड़ रहे थे। अपनी समझ से जानकारी दे रहे थे कि इस मुल्क का मुसलमान आखिर क्या सोचता है। तभी महमूद वहां से उठ चले। सीपी के एक हॉस्पोदां में दानिस के साथ किसी शीतल पेय की चुस्की ले रहे थे। यह मैंने तब देखा जब उनके ही मित्र रविकांत के साथ वहां पहुंचा। सभा से उठ आने की वजह पर उन्होंने रविकांत से कहा, “अब हमें ही सुनना पड़ रहा है कि इस मुल्क का मुसलमान क्या सोचता है।” तब किसी तीसरे ने कहा, “बताइये महसूद क्या सोचते हैं, उन्हें ही नहीं मालूम पर न्यूज चैनल के संपादक को मालूम है।”

खैर, बात आई गई। उसी शाम एक फिल्म की चर्चा हो रही थी, जो कुछ ही दिन पहले पूरी हुई थी। फिल्म के नाम को लेकर जो कुछ चल रहा था, उन बातों को वे अपने मित्र रविकांत से बांट रहे थे। हम तो सुनने वाले थे। लगता है वह फिल्म 13 जुलाई को आ रही है। ऐसे में यदि ठीक-ठीक याद है तो महमूद ने इस बात का जिक्र किया कि फिल्म के शुरुआती कुछेक मिनटों के दृश्य ऐसे हैं जो थोड़े विचित्र लगेंगे। इकबारगी मालूम होगा कि पता नहीं फिल्म कहां ले जा रही है, यहीं एक उत्सुक्ता पैदा लेती है। यकीनन, देश के भीतर और भीतर धंस्ते जाने की कथा रोचक होगी।

Friday, July 2, 2010

मुश्किलें नारियल से कहीं आगे है


इस देश में धर्म का महत्व है, पर जाति उसपर हावी है। उसका महत्व बहुत ज्यादा है। इस देश के किसी भी गांव में तफरीह के दौरान आप किसी का परिचय पूछेंगे तो वह जाति को कहीं अधिक महत्व देता मालूम पड़ेगा। राजनीतिक वैज्ञानिक रजनी कोठारी इस बाबत विस्तार से कह चुके हैं। इस पंक्ति का लेखक भी महसूस कर रहा है कि लोग जाति के रास्ते समाज से जुड़ने का सरल रास्ता अख्तियार करते रहे हैं। उसके लिए धर्म तो बाद की चीज है।

इस देश में जो राजनेता जाति को नहीं जोड़ पाए, और उसकी राजनीति नहीं कर पाए, वे धर्म की राजनीति करने लगे। आप देख लें बसपा प्रमुख मायावती को या फिर शिबू सोरेन। उन्हें राजनीति के लिए धर्म की जरूरत नहीं है। पर हां, लालू प्रसाद यादव और मुलायम सिंह यादव को धर्मनिरपेक्ष बने रहना है, क्योंकि उनमें विचार और जाति के स्तर पर अपनी जाति को जोड़े रखना मुमकिन नहीं हो पा रहा है। भाजपा जिस हिंदुत्व के रास्ते चलने का दवा करती है, वह बड़ी चीज है। हिंदुत्व के उस शिखर तक पहुंचना भाजपा नेताओं के बूते की बात नहीं है। इससे भ्रम पैदा हो रहा है। यहां तो हिंदू के लिए सूफी आंदोलन का उतना ही महत्व है, जितना कि शैव और वैष्णव आंदोलन का है। उन्हें हाजी-अली से भी उतना ही लगाव है जितना महालक्ष्मी मंदिर से। तो यह तय है कि इस देश को वैसा हिन्दू राष्ट्र नहीं बनाया जा सकता जैसा कुछेक लोग चाहते है।

खैर, जिन्हें बिहार का पिछला विधानसभा चुनाव याद है, उन्हें स्मरण होगा कि तब चुनाव प्रचार के समय कहा जा रहा था कि जदयू-भाजपा गठबंधन को वोट न दें। यदि वे जीतते हैं तो सूबे में अल्पसंख्यकों का रहना मुश्किल हो जाएगा। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तक चुनाव प्रचार के दौरान इस ओर संकेत कर रहे थे। पांच साल बीत गए। अब अगला चुनाव होने वाला है। स्थिति जो बनी वह सबके सामने है। यकीनन, वहां जो कुछेक विकास के काम शुरू हुए, उस दौरान नारियल भी फोड़े गए। पर कोई बवेला नहीं मचा। दरअसल मुश्किलें तो कहीं और पैदा हो रही हैं।

Thursday, July 1, 2010

नारियल पर बात निकली है तो -


चंद रोज पहले दीवान के नामदार लेखक (विनीत कुमार) ने दिल्ली मेट्रो रेलवे के बाबत एक पोस्ट जारी किया। वह नई लाइन की शुरुआत पर तिलक लगाने व नारियर फोड़ने से संबंधित पोस्ट था। उन्होंने हद तक गहरे सवाल उठाए। हम उनके लेखनी की कद्र करते हैं। पर क्या है कि कुछ अपने मन में भी है। सोचता हूं कह दूं।

हमारी शुरुआती पढ़ाई भागलपूर के जिस स्कूल (सीएमएस हाई स्कूल) में हुई वहां कोई पूजा वगैरह नहीं होती थी। अब भी शायद यही आलम है। स्कूल में सरस्वती की मूर्ति भी परिसर से बाहर एक कोने में बैठाई जाती थी। यह उस प्रदेश की बात है, जहां सरस्वती पूजा का छात्रों के लिए खासा महत्व है। इसके बावजूद स्कूल में कभी ऐसे सवाल नहीं उठे कि आखिर सरस्वती की मूर्ति परिसर के बाहर क्यों बिठाई जाती है ? सूबे में ऐसे बहुतेरे स्कूल हैं जहां सरस्वती पूजा नहीं होती है। पर यह सवाल कोई महत्व नहीं रखता कि क्यों नहीं होती या फिर क्यों होती है? दरअसल चर्च के उन अर्ध सरकारी स्कूलों में यह रिवाज बन गया है और इससे कोई फर्क भी नहीं पड़ता है। अतः इससे जुड़े सभी सवाल गैर जरूरी हैं। पर, नारियल फोड़ने पर सवाल होंगे तो वहां भी बाल मन में सवाल उठ सकते हैं। वह स्थिति यकीनन अभी से बुरी होगी।

मैं जिस स्कूल की चर्चा कर रहा था ठीक उसी विद्यालय के सामने एक चौंक (चौराहा) है। नाम है आदमपुर चौंक। वहां जामने से मस्जिद नूमा आकार खड़ा है। एक दफा कुछ लोगों ने वहां शिवजी के प्रतीक को बैठा दिया। गौर करें.इस पर कोई हंगामा नहीं हुआ, जिन लोगों ने ऐसा किया था वे हंसी के पात्र हो गए। अब वह स्थान पूर्ववत है। वहां कई नारियल फोड़े गए थे, पर कोई असर नहीं हुआ।

खैर, इसे भी रहने दें। इस मुल्क में करोड़ों आंगन हैं जहां तुलसी के पौधे लगे हैं। इनमें कई लोग पौधे को प्रणाम कर बाहर निकलते हैं और कई यूं ही। पर इन लोगों में सांप्रदायिक तत्व ढूंढ़ना गैरवाजिब ही होगा। देश की धर्मनिरपेक्षता इतनी कमजोर नहीं है। थोड़ा पहले कह रहा हूं पर जरूरी है- यदि इस देश में राम मंदिर बल से बनाने की कोशिश हुई तो उसका वही हाल होगा जो आदमपुर के उक्त स्थान को हो गया है। क्योंकि आस्था थोपी नहीं जा सकती, वह तो पैदा लेती है। वहां हिंसा का कोई मोल नहीं होता है। वहां तो सिर्फ और सिर्फ सूर, कबीर तुलसी व जायसी की भक्ति का बोलबाला है। देश में सांप्रदायिक हिंसा का जो इतिहास है, उसकी वजहें दूसरी हैं। हां एक सच यह है कि कुछ लोग उस आस्था तक को चोट पहुंचाने में लगे हैं। इससे गंभीर समस्या पैदा हो सकती है।



इस देश में ऊपर से लादे गए धर्मनिरपेक्षता शब्द से पहले भी लोग मजे में रहते थे। तब कोई ट्रेन जलाई गई हो, अहमदाबाद हुआ हो यह जानकार बताएंगे। पर यह सच है तब भी गांव के इस देश में मस्जिद भी थे और मंदिर भी। कई-कई स्थानों पर चर्च भी। दूसरे भी थे। आज भी हैं, पर सबों के मन में एक अटकाव है। ऐसे माहौल में सतर्क लेखन की जरूरत है।

अगला भाग अगले दिन

शुक्रिया

Saturday, June 19, 2010

बहसतलब-दो के बाबत



एक आम आदमी

कुछ अटकाव के बावजूद बहसतलब-दो कायदे का रहा। बड़ी सहजता से नाटक की दुनिया से जुड़ीं त्रिपुरारी शर्मा ने इसे समझाया भी। सवाल हुए तो बड़े उदात्त भाव से कहा, “बहस कहां हो रही है, मेरे लिए यह सवाल महत्व का नहीं है। महत्व की बात तो इतनी भर है कि आम आदमी के लिए बहस जारी है।” दरअसल यही वह बिंदु है जो बहसतलब में जान डालती है। उसके मतलब को बताती है। साथ ही उसे आगाह भी करती है।

बहरहाल, इस विमर्श के दौरान नामवर सिंह ने अपने नाम के साथ न्याय नहीं किया। ऐसा लगा कि जल्दी में आए हुए हैं। कथाकार राजेंद्र यादव के एक सवाल का जवाब देने की बारी आई तो थोड़े उलझते मालूम हुए। लगा कोई पुरानी कसर निकाल रहे हैं। राजेंद्र यादव शायद भांप गए और चुप ही रहे। आम आदमी का बहसतलब एकबारगी दो खास लोगों के अखाड़े में तबदील होता मालूम हुआ। दुर्भाग्य से अविनाश भी यही चाह रहे थे। यादव को बारंबार माइक थमा रहे थे कि वे कुछ बोलें। पर रंग गाढ़ा करने में विफल रहे। वैसे भी उक्त लोग बड़े हैं तो बात बड़प्पन में आई-गई।

अरविंद मोहन ने बताया कि आम आदमी का मीडिया किन हालातों से निपट रहा है। उन्होंने सच्चाई मानी। कई बातें इशारों में कह गए। शायद बहसतलब का संचालन कर रहे विनीत कुमार उसे पकड़ने से चूक गए। कह बैठे कि अरविंद मोहन डिफेंसिव खेल गए। यकीनन, अनुराग यहां आम लोगों से दो-चार हुए। और खूब कहा। पर सवाल करने वालों को संतुष्ट नहीं कर पाए। अजय ब्रह्मात्‍मज पूरी तरह आम आदमी की तरफ खड़े नजर आए।

कुल मिलाकर त्रिपुरारी शर्मा की बातें बहसतलब की उपलब्धियां रहीं। वहां न कोई आक्रामकता थी, न दंभ। न ही अपने खास होने का बोध। दरअसल आज दौर में वही तो है आम आदमी।

Monday, June 14, 2010

‘राजनीति’ में राजनीति


फिल्म राजनीति चार जून को परदे पर आई तो इससे जुड़े विवाद एकबारगी थम गए। फिल्म देखकर लौटे सिने प्रेमियों के मुताबिक राजनीति में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का अक्स दिखलाई नहीं पड़ता। हालांकि, कांग्रेसी कार्यकर्ता कुछ ऐसा ही दावा कर रहे थे। वे शोर मचाते हुए उच्च अदालत तक पहुंच गए। वहां कहा कि फिल्म में कटरीना कैफ का किरदार सोनिया गांधी पर केंद्रित है। इससे उनके अध्यक्ष की छवि धूमिल होती है। इस विवाद से फिल्म की खूब चर्चा हुई। फिल्म को सफल बनाने में इस विवाद का खासा योगदान रहा। वैसे फिल्म के परदे पर आने से पहले निर्माता-निर्देशक प्रकाश झा इस बात का खंडन कर चुके थे।

खैर, झा वैसे फिल्मकार हैं जो अपनी कृति से सार्थक बहस पैदा करते रहे हैं। पर, उनकी हालिया फिल्म ‘राजनीति’ विवादों में रही। इसने किसी नई बहस को पैदा नहीं किया। कहा जाता है कि झा की इस फिल्म पर कांग्रेसी शुरू से ही निगाह गड़ाए बैठे थे। फिल्म सेंसर बोर्ड के पास गई तो इससे पहले ही कांग्रेस पार्टी की तीन सदस्यों वाली एक समिति ने इसे देखा। कुछ दृश्यों को हटाने व संवादों के साथ बीप के इस्तेमान की बात कही थी। इसके बाद मजबूरन कुछेक फेर-बदल प्रकाश झा को करने पड़े।

दरअसल, सत्ता का भान कराने का कांग्रेसियों में पुराना रिवाज है। यहां उन्होंने यही किया। पर, सिनेमा के शिल्प को नहीं समझ पाए और सही जगह पहुंचने से रह गए। काट-छांट के बावजूद झा उनसे आगे ही रहे। पृथ्वीप्रताप (अर्जुन रामपाल) की विधवा के रूप में इंदु (कटरीना कैफ) का जनता के बीच जाकर भावनात्मक भाषण देना सतर्क निगाह को पुरानी याद दिलाता है। जानकारों का मानना है, “यही तो राजनीति है, आप आपना काम कर जाएं। दूसरों को देर बाद मामूल पड़े। न पड़े तो और भी अच्छा।”

बहरहाल, भारतीय राजनीति में दलीय मतभेदों व टकराव की शिनाख्त करने वाली कम फिल्में हैं जिन्हें लंबे समय तक याद रखा जा सके। ऐसी फिल्में तो और भी कम हैं जो परिवार के भीतर पॉलिटीकल पॉवर हासिल करने के मकसद में जुटे लोगों की पहचान कराती है। यह नहीं कहा जा सकता कि झा की ‘राजनीति’ ने इस कमी को पूरा कर दिया है। पर इसे देखते हुए मालूम पड़ता है कि यह फिल्म वर्तमान भारतीय राजनीति के विषय में और अधिक समझ पैदा करने के लिए बनाई गई है। पर, यहां कई ऐसे गड़बड़झाले हैं जो दर्शकों को उलझाते है। आगे चलकर फिल्म हिंसक ज्यादा हो जाती है। चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पृथ्वी प्रताप के घर में विस्फोट इसका प्रमाण है।

गत दो दशकों से राजनीतिक घटनाएं तेजी से घटी हैं। इसने बौद्धिक लेखन को प्रेरित किया। कई सामग्रियां प्रकाश में आई हैं। पर सिनेमा मौन ही रहा। हालांकि अपवाद हैं। 21वीं शताब्दी में स्थितियां कुछ ऐसी बदलीं कि पहले की अपेक्षा भारतीय राजनीति में युवकों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई। वे शीर्ष पद की दौर में शामिल हो गए हैं। झा इसे विभिन्न कोणों से परदे पर उतारते हैं। यह जोखिम था। पर झा ने उसे उठाया है।

आंधी और हु-तू-तू जैसी राजनीतिक फिल्म बना चुके गुलजार एक जगह कहते हैं- “अपने पोलिटिकल पीरियड पर कमेंट करना आसान नहीं होता है। पर मैंने यह रिस्क उठाया है। आंधी को लेकर मुझे काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। हालांकि, आज राजनीतिक हस्तक्षेप पहले से कम हुए हैं। पर, आज राजनीतिक गिरोहों द्वारा हस्तक्षेप हो रहा है।” झा की फिल्म प्रदर्शित होने से पहले जो विवाद गहराया, उससे गुलजार सौ फीसद सही साबित होते हैं। आखिरकार प्रकाश झा भी तो फिल्म ‘राजनीति’ के माध्यम से अपने पोलिटिकल पीरियड पर कमेंट कर रहे हैं। लेकिन, फिल्म को कमर्शियली सफल करने के लिए जिस तामझाम की जरूरत होती है ‘राजनीति’ में वे सारी चीजें हैं। इसमें सच कई जगहों पर छुप सा गया है। शायद झा भी यही चाहते थे, क्योंकि उन्हें अंदेशा था कि सीधी बात होगी तो बवेला मचाएंगे। वैसे राजनीति भी साफ और सीधी कहां रह गई है!

भारत में क्षेत्रों की राजनीति पेचीदा है, पर उसका महत्व और भी बढ़ा है। इसे परदे पर अच्छी तरह उतारना सरल नहीं था। पर फिल्म को देखते समय ऐसा लगता है कि निर्देशक तामझाम के बीच कुछ वाजिब सवालों को उठाने और उसे गति देने में सफल रहा है। फिल्म का एक दलित नेता कहता है- “जीवन कुमार हमारी जात के भले हों, बीच के कैसे हो गए।” यह चुनाव के दौरान ऊपर से थोपे गए उम्मीदवार के खिलाफ बगावत है। हालांकि, शीर्ष नेतृत्व ने एक चाल चली, उक्त दलित नेता के पिता को ही उम्मीदवार घोषित करवा देता है। राजनीति के ये दाव-पेंच फिल्म को कहीं-कहीं रोचक बनाए रखते हैं। पर शुरुआती घंटे के बाद ही कसाव बिखर जाता है। निर्देशक उस बिंदु की तलाश में घटनाक्रम को अंजाम देता चलता है, जहां पॉवरफुल शख्स का अक्स डाला जा सके। दरअसल यह फिल्म कम राजनीति ज्यादा है। प्रकाश झा यहां गिरोहबाजों को चकमा देने में सफल रहे हैं।


ब्रजेश कुमार
o9350975445

Saturday, May 29, 2010

अजीब विरोधाभास


कीर्ति चौधरी की एक कविता पढ़ें। फिर याद करें, राष्ट्रमंडल खेल के बाबत किए जा रहे विकास कार्यों को। यकीनन, अजीब विरोधाभास पाएंगे।

प्रगति

अभी कुछ ही दिन तो बीते
इधर से निकले
कैसा सुनसान था !...

और अब ये नए रास्ते हर ओर
छज्जों, बालकनियों से उठता हुआ शोर
लॉन पर खेलती
चमकदार आंखों वाली बच्ची
अजनबी चेहरे
फिजा में भी
जिंदगी के बोल जैसे घुले-मिले।
अभी कुछ ही दिन तो बीते
इधर से निकले।
इतने में ही कोई बस्ती बस गई,
लगता है।

आज कीर्ति चौधरी होतीं तो इस विकास पर क्या कहतीं।